द्वितीय महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत, हिमाचल की पाँच बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव

द्वितीय महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत, हिमाचल की पाँच बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव

शिमला 24 नवम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

दूसरे महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अविस्मरणीय इतिहास रचते हुए फाइनल मुकाबले में चाइनीज़ ताइपे को हराकर खिताब अपने नाम किया। यह जीत न सिर्फ खेल जगत में भारत की ताकत का प्रमाण है, बल्कि महिला सशक्तिकरण तथा खेलों के क्षेत्र में बढ़ती देश की भागीदारी को भी दर्शाती है।इस महत्वपूर्ण जीत पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हमारी बेटियों के साहस, समर्पण, कठिन परिश्रम और अदम्य संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने न केवल भारतीय ध्वज को विश्व पटल पर ऊँचा किया है, बल्कि हर उस बेटी को प्रेरणा दी है जो अपने सपनों को साकार करने का जज़्बा रखती है।इस जीत को और भी विशेष बनाती है टीम में हिमाचल प्रदेश की पाँच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मौजूदगी। रितु नेगी, पुष्पा राणा, भावना ठाकुर, साक्षी शर्मा और चंपा ठाकुर—इन सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिमाचल और पूरे देश का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इन खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल की मिट्टी में पला हर सपना ऊँचाइयों को छूने का दम रखता है और इन बेटियों ने यह बात सिद्ध कर दी है।उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की इस जीत ने पूरे देश में उत्सव का माहौल बना दिया है और यह पल हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री ने समस्त भारतवासियों को इस ऐतिहासिक जीत की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हमारी बेटियाँ और भी ऊँचे मुकाम हासिल करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!