वाहनों में कूड़ेदान रखना अनिवार्य, आरटीओ चम्बा राम प्रकाश का निर्देश

वाहनों में कूड़ेदान रखना अनिवार्य, आरटीओ चम्बा राम प्रकाश का निर्देश

चम्बा, 18 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत चम्बा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) राम प्रकाश ने की। इस दौरान जिले में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए।आरटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वाहन मालिक और चालक एक सप्ताह के भीतर अपने वाहनों में कूड़ेदान रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल स्वच्छता को बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक है। यदि किसी वाहन की जांच के दौरान उसमें कूड़ेदान नहीं पाया जाता है, तो संबंधित वाहन चालक या मालिक के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना अब सभी की जिम्मेदारी है। इस दिशा में परिवहन विभाग सख्ती के साथ काम करेगा और साथ ही जनता को भी जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। राम प्रकाश ने परिवहन ऑपरेटरों और यूनियनों से अपील की कि वे अपने स्तर पर भी इस मुहिम को सफल बनाने में सहयोग करें और यात्रियों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।

बैठक में एचआरटीसी के प्रतिनिधि नवेंदु, विजय कुमार और हनीष चौहान मौजूद रहे। इसके अलावा निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रधान मनोज कुमार, टैक्सी ऑपरेटर राकेश कुमार, अरविंद कुमार, हमीद बेग, मंजीत सिंह राणा, संजीव कुमार और बिंदु कुमार सहित अन्य सदस्य भी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने विभाग की पहल का समर्थन किया और इसे सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।परिवहन विभाग का यह कदम “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को नई दिशा देने के साथ-साथ यात्रियों को भी साफ-सुथरे वातावरण में यात्रा करने का अवसर उपलब्ध कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!