चंबा जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके, कोई जानमाल का नुकसान नहीं

चंबा, 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आज सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार भूकंप सुबह करीब 6:23 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र चंबा क्षेत्र में 32.36 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.18 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जिसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताई गई है।नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने भूकंप की पुष्टि करते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता कम थी और फिलहाल जान-माल के किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में हल्का भय जरूर उत्पन्न हुआ, लेकिन जनजीवन सामान्य बना रहा।गौरतलब है कि चंबा जिला भूकंप के लिहाज से हिमाचल प्रदेश का अति संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यह क्षेत्र सिस्मिक ज़ोन-5 के अंतर्गत आता है, जहां भूकंप की गतिविधियां अक्सर रिकॉर्ड की जाती हैं।

शिमला और मंडी जिले भी इस संवेदनशील क्षेत्र में शामिल हैं, जहां भूकंप की आशंका बनी रहती है।इससे एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गुरावड़ा गांव में भूकंप का केंद्र था। वहां दो बार झटके दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता हल्की थी।विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे हल्के झटके भविष्य में बड़े भूकंप की चेतावनी नहीं होते, लेकिन भूकंप संभावित क्षेत्रों में निर्माण कार्यों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की गई है।