ग्राम पंचायत ढलोग के बडेरू गांव के समीप जंगल में आग, खेतों तक पहुंची आग की लपटें लोग सहमें

ग्राम पंचायत ढलोग के बडेरू गांव के समीप जंगल में आग, खेतों तक पहुंची आग की लपटें लोग सहमें

डलहौजी/ चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विकासखंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढलोग के गांव बडेरू के साथ लगते जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है। जंगल में लगी यह आग धीरे-धीरे फैलते हुए ग्रामीणों के खेतों तक पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। आग की लपटें खेतों के नजदीक पहुंचने के कारण ग्रामीणों में जान-माल के नुकसान की आशंका गहराने लगी है।ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बारिश नहीं होने के कारण जंगल और आसपास का इलाका पूरी तरह सूखा पड़ा है। ऐसे में आग लगने की घटनाएं स्वाभाविक मानी जा रही हैं। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह आग शरारती तत्वों द्वारा भी लगाई जा सकती है, लेकिन वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

जनवरी महीने में जंगलों में आग लगना अपने आप में गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। बीते दिनों ग्राम पंचायत बैली के गांव तलगूट के साथ लगते जंगल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। अब ग्राम पंचायत ढलोग के क्षेत्र में इस तरह की घटना ने वन विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।इस संबंध में जब वन विभाग से बात की गई तो विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना उनके संज्ञान में आ चुकी है। विभाग की टीम मौके पर भेजी जा रही है और जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत ढलोग की प्रधान सुदेश कुमारी ने जंगल के साथ लगते घरों और खेतों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि आग की किसी भी छोटी घटना की तुरंत सूचना प्रशासन और वन विभाग को दें, ताकि समय रहते बड़े नुकसान से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!