नशे के खिलाफ अभियान के तहत खैरी पुलिस की कार्रवाई, सात बोतल अवैध शराब बरामद

डलहौजी/ चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरी पुलिस दल ने बीती शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए खैरी–कैहल मुख्य मार्ग पर गांव चंबी के समीप एक राहगीर से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक और अहम सफलता मिली है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती शाम खैरी पुलिस दल नियमित गश्त पर था। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति को सड़क किनारे बोरी के साथ बैठा हुआ देखा गया। पुलिस दल को देखते ही उक्त व्यक्ति घबरा गया और संदिग्ध हरकतें करने लगा, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। शक के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की तथा उसकी बोरी की तलाशी ली।तलाशी के दौरान बोरी से कुल सात बोतलें ऊना नंबर-1 देसी शराब बरामद की गईं। पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब को कब्जे में लेकर व्यक्ति को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय चतर सिंह पुत्र महंतो राम, निवासी कक्डाहर, डाकघर सुदली, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है तथा नियमानुसार उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।