जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 की प्रगति की समीक्षा

चंबा, 21 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में आज तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत एक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में अभियान की अब तक की प्रगति, जागरूकता गतिविधियों तथा स्कूलों व कॉलेजों में चल रहे कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने कहा कि तम्बाकू सेवन युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने की प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि “तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस विभाग, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस व एनसीसी अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर अधिक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, सपथ समारोह और जन-जागरूकता रैलियों के माध्यम से छात्रों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाए।

उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों को नियमित रूप से तम्बाकू विरोधी गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में उपायुक्त ने जिले को पूर्ण रूप से तम्बाकू मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाए।
