ग्राम पंचायत डांड की प्रधान पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, पद से हटाई गईं

चंबा, 19 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत डांड की प्रधान कान्तो को वित्तीय अनियमितताओं के चलते पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत अधिकारी चंबा द्वारा की गई है, जिसके अंतर्गत ग्राम विकास कार्यों में अनियमित खर्च एवं सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि हुई है।जांच रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पंचायत डांड में नाले पर पुलिया निर्माण कार्य के लिए ₹70,000 की राशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन ₹66,000 की लागत से निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। इसके अतिरिक्त, श्रमिक मजदूरी, सामग्री खरीद एवं अन्य मदों में कुल ₹2,12,000 की राशि का भुगतान किया गया, जो सरकार द्वारा तय मापदंडों से अधिक था।वर्ष 2020-21 में इंटरलॉक टाइल्स पथ निर्माण कार्य के लिए ₹5,00,000 की राशि स्वीकृत हुई थी। कार्य के मूल्यांकन में ₹2,83,416 की लागत सामने आई, जबकि पंचायत द्वारा ₹4,31,574 की राशि खर्च की गई। मूल्यांकन में ₹1,48,158 की अतिरिक्त राशि खर्च पाई गई, जो अनावश्यक और बिना मापदंडों के व्यय की गई।उक्त अनियमितताओं के आधार पर जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय ने 20 फरवरी 2025 को नोटिस जारी कर श्रीमती कान्तो से जवाब मांगा था। प्राप्त उत्तर को असंतोषजनक मानते हुए उन्हें पंचायत राज अधिनियम, 1994 की धारा 145 (1)(ग) के तहत पद से हटाने का निर्णय लिया गया।प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत डांड की पूर्व प्रधान द्वारा पंचायत निधियों का दुरुपयोग कर सरकारी व्यवस्था और पारदर्शिता के सिद्धांतों का उल्लंघन किया गया, जो पंचायती राज व्यवस्था की गरिमा के खिलाफ है।इस निर्णय से क्षेत्र में एक सशक्त संदेश गया है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार कड़ी निगरानी रख रही है।