भट्टी नाला पुल निर्माण को 48 करोड़ स्वीकृत: विधायक नीरज नैय्यर

चंबा, अप्रैल 01 मुकेश कुमार गोल्डी
चंबा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच-154ए) के अंतर्गत भट्टी नाला पर बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण को सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सदर विधायक नीरज नैय्यर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृत करवाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त किया है।
यह पुल 180 मीटर लंबा स्पेन ब्रिज होगा, जो क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वर्तमान में भट्टी नाला के समीप सड़क तंग होने के कारण, विशेषकर व्यस्त समय में ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर बनी रहती है। पुल निर्माण से यह समस्या स्थायी रूप से हल होगी और यातायात व्यवस्था सुचारू होगी।
विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के लोगों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
यह परियोजना स्थानीय निवासियों के लिए राहत लेकर आएगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। पुल निर्माण से न केवल परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी गति मिलेगी।
सरकार की इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। जनता को अब उम्मीद है कि जल्द ही इस परियोजना पर कार्य शुरू होगा और चंबा क्षेत्र में यातायात की समस्याओं का समाधान संभव होगा।