लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, एनएच-154ए दुनेरा के पास धंसी सड़क, चंबा-पठानकोट संपर्क टूटा

चंबा/पठानकोट 12 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
बीते 72 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर दुनेरा (पंजाब) के पास सड़क धंसने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है, जिसके कारण चंबा और पठानकोट के बीच सड़क संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया है। इस मार्ग पर आवाजाही बंद होने से पंजाब से चंबा जिले में रोजाना होने वाली आवश्यक वस्तुओं—दूध, ब्रेड, अंडे, सब्जियां आदि—की आपूर्ति प्रभावित हो गई है।इस स्थिति को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शाहपुर से बात की गई। उन्होंने बताया कि प्रभावित स्थान पर मशीनरी और श्रमिकों (लेबर) को भेजा जा चुका है तथा जल्द से जल्द मार्ग की बहाली के प्रयास जारी हैं।

मुख्य सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं, जिससे जाम की स्थिति बन गई है। विभाग को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहने पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।इधर, मौसम विभाग ने 14 अगस्त तक क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिला प्रशासन ने एहतियातन एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यक कारण ऊंचाई वाले या भूस्खलन-प्रवण इलाकों में न जाएं। साथ ही, सतर्क रहें और दूसरों को भी सतर्क रहने की सलाह दें।प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचना ही सुरक्षित है। आवश्यक यात्रा के दौरान लोग मौसम पूर्वानुमान और सड़क स्थिति की जानकारी लेकर ही निकलें।

भारी बारिश के चलते नदी-नालों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है, ऐसे में इनके किनारे जाने से भी परहेज करें।लगातार वर्षा और सड़क बाधित होने से क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित है, लेकिन प्रशासन और एनएचएआई द्वारा राहत एवं बहाली कार्य तेजी से जारी है।