राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाट में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल समापन

चम्बा 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाट में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का आज उत्साहपूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान शोभा देवी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में अनुशासन, निस्वार्थ सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को विकसित करती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे नशा निवारण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि परिवार और समाज को भी कमजोर करता है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के दूत बनना चाहिए।
उप प्रधानाचार्य मदन लाल ने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवकों को अनुशासन, परिश्रम और सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है और उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का माध्यम बनता है।
कार्यक्रम अधिकारी अमिता नैय्यर ने शिविर की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, स्टाफ और स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने गांव में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता रैली और नशा निवारण पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर समाज में संदेश देने का सराहनीय प्रयास किया।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार, स्थानीय लोग और अभिभावक भी मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह सात दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के लिए अनुभव और सेवा भावना का प्रेरणादायी अवसर साबित हुआ।