डलहौजी विधानसभा में सेवा पखवाड़े की तैयारियां पूरी, बनीखेत में होगा रक्तदान शिविर का आयोजन

डलहौजी विधानसभा में सेवा पखवाड़े की तैयारियां पूरी, बनीखेत में आज होगा रक्तदान शिविर का आयोजन

डलहौजी (चंबा), 17 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी एस ठाकुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े के आयोजन की तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी है। इसके तहत भाजपा जिला चंबा द्वारा आज 17 सितंबर को बनीखेत में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

विधायक डी एस ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की जयंती एवं प्रधानमंत्री मोदी का जन्म दिवस भी है। इसे सम्मानित करते हुए डलहौजी भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत इसी दिन बनीखेत में रक्तदान शिविर से होगी।

सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 से 25 सितंबर तक कई अन्य रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, रक्तदाताओं की सूचियां बनाई जाएंगी, साथ ही स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से अन्य सेवा गतिविधियाँ भी की जाएंगी।

विशेष रूप से, 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पोलिंग बूथ स्तर पर पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जाएगा। अक्टूबर में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय कारीगरों जैसे बुनकर, कुम्हार और बढ़ई आदि के उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

विधायक डी एस ठाकुर ने सभी जनों से इन कार्यक्रमों में भागीदारी कर समाज सेवा में सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!