बनीखेत ज़ोन बना जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बैडमिंटन का उपविजेता

बनीखेत ज़ोन बना जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बैडमिंटन का उपविजेता

चंबा, 6 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल, जिला चंबा में 4 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित 19 वर्ष से कम आयु वर्ग (लड़कों) की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में बनीखेत ज़ोन ने बैडमिंटन स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।तीन दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में माननीय मुख्य अतिथि श्री विकास महाजन, शिक्षा उपनिदेशक (उच्चतर), जिला चंबा ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली के खिलाड़ियों ने न केवल बैडमिंटन में बल्कि योग प्रतियोगिता में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विद्यालय के कुल पांच खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है — जिनमें दो खिलाड़ी बैडमिंटन और तीन खिलाड़ी योग स्पर्धा में भाग लेंगे।विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संदीप राज राठौर ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत करने और राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यालय के डी.पी.ई. श्री अविनेश टंडन की उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए सराहना की।यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनी, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करने का माध्यम सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!