विद्यालय तक जाने वाले रास्तों की खस्ता हालत पर प्रबंधन समिति ने जताई चिंता,एस.डी.एम. डलहौजी और पंचायत प्रधान को सौंपा ज्ञापन

डलहौजी/ चम्बा, 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुड्डन की प्रबंधन समिति की बैठक समिति अध्यक्ष इंदुबाला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक अध्ययनरत कुड्डन, अपर कुट्ट, लोअर कुट्ट और जन्दर गांव के बच्चों को विद्यालय तक पहुंचने में आ रही कठिनाइयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने बताया कि गांव को विद्यालय से जोड़ने वाले रास्ते अत्यंत खराब और ऊबड़-खाबड़ हो चुके हैं। कई स्थानों पर छोटे-छोटे नाले आने के कारण बच्चों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ता है। बरसात के मौसम में इन मार्गों पर भूस्खलन और नालों में तेज बहाव के कारण रास्ते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

इस वजह से न केवल छात्रों बल्कि ग्रामीणों और अन्य राहगीरों को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया कि इस गंभीर समस्या को पंचायत और प्रशासन के ध्यान में लाया जाए। समिति ने मांग की कि इन मार्गों की जल्द से जल्द मुरम्मत की जाए या फिर स्थायी समाधान के रूप में कंक्रीट का रास्ता बनाया जाए ताकि बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कोई खतरा या असुविधा न हो।इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने एस.डी.एम. डलहौजी अनिल भारद्वाज और पंचायत प्रधान को लिखित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि प्रशासन जल्द मौके का निरीक्षण कर संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हेतु त्वरित मुरम्मत कार्य करवाए।बैठक में समिति सदस्य अनु कुमारी, दर्शना देवी, निशा देवी, सुनील कुमार, चंचला देवी, पुष्पा देवी, मीना कुमारी, अनीता देवी, ललिता देवी, रीता देवी, राधा देवी, पूजा देवी, रीना देवी, सुषमा कुमारी तथा विद्यालय प्रभारी सचिन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।