बनीखेत के समीप एनएच 154ए पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो घायल

बनीखेत के समीप एनएच 154ए पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो घायल

डलहौज़ी/ चम्बा 9 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

एनएच 154ए पर बनीखेत के समीप गलू में आज सुबह करीब 9 बजे एक कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार और एक राहगीर घायल हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि कोई गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर की एक मारुति स्विफ्ट कार चंबा की ओर जा रही थी, जबकि 25 वर्षीय राम वर्मा नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बनीखेत की दिशा में आ रहा था। जैसे ही वह गलू के समीप पहुंचा, कार और बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़े 39 वर्षीय राहगीर अश्विनी शर्मा भी इसकी चपेट में आ गए।हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बनीखेत पहुंचाया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामला दर्ज नहीं किया गया और पूरा घटनाक्रम मौके पर ही सुलझा लिया गया।

हादसे में मोटरसाइकिल को खासा नुकसान पहुंचा है, जबकि बाइक सवार को हेलमेट पहनने के कारण सिर में किसी प्रकार की चोट नहीं आई। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की अहमियत को रेखांकित करती है।स्थानीय प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और हेलमेट तथा सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपायों को हर हाल में अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!