“रक्तदान महादान” विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अंजुमन इस्लामिया संस्था के रक्तदान शिविर में हुए शामिल

“रक्तदान महादान” विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अंजुमन इस्लामिया संस्था के रक्तदान शिविर में हुए शामिल


चम्बा, 18 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)


विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह जीवन बचाने का सबसे पवित्र कार्य है। वे आज अंजुमन इस्लामिया संस्था चम्बा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह शिविर स्वर्गीय सैय्यद दिलदार अली शाह एवं संस्था के पूर्व अध्यक्ष की चौथी पुण्यतिथि पर पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा के चौगान नंबर-5 में आयोजित किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया। उन्होंने स्वर्गीय सैय्यद दिलदार अली शाह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साथ अपने आत्मीय संबंधों को स्मरण किया। साथ ही उन्होंने चम्बा मेडिकल कॉलेज में रक्त भंडारण क्षमता बढ़ाने सहित संस्था की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था को 41 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

पठानिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं तथा हिंदू-मुस्लिम सौहार्द की परंपरा को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि रक्तदान महान कार्य है और युवाओं को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने भी संस्था को 21 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।

इस रक्तदान शिविर में लगभग 140 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम में उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विपिन ठाकुर, अंजुमन इस्लामिया जिला चम्बा अध्यक्ष डॉ. इसरार सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!