बनीखेत (पद्दर) में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

डलहौजी/चंबा 27 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा के तत्वावधान में ओशन संस्था द्वारा पद्दर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिवेश शर्मा ने की।इस अवसर पर 182 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, मधुमेह, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी एवं सी तथा यौन संचारित रोगों की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को इन बीमारियों के लक्षण, रोकथाम तथा उपचार के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।विशेषज्ञों ने बताया कि एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस बी एवं सी जैसी संक्रामक बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार आवश्यक है। शिविर में सुरक्षित यौन व्यवहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी बल दिया गया।स्वास्थ्य विभाग से मेल हेल्थ वर्कर अश्विनी ठाकुर, लैब तकनीशियन सुरेश कुमार तथा लक्षित हस्तक्षेप परियोजना (टीआई) से अनु बाला, बबिता, कृष्णा, रजनी, साहिबा, रेखा और राजू ने शिविर के संचालन में सक्रिय योगदान दिया।स्थानीय लोगों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। आयोजकों ने भविष्य में भी निरंतर इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।