हिम नवोदय नर्सिंग स्कूल ओबड़ी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन

हिम नवोदय नर्सिंग स्कूल ओबड़ी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन

चम्बा 03 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में मिशन हब के अंतर्गत सोमवार को हिम नवोदय नर्सिंग स्कूल, ओबड़ी में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक श्री विवेक ठाकुर ने की।कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं और हर युवती में अपार संभावनाएं छिपी हैं। उन्होंने बताया कि “अपराजिता मैं चम्बा की” कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी बनाना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान चम्बा प्रशासन की एक सराहनीय पहल है, जो बेटियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी श्रीमति मधु शर्मा ने महिलाओं के अधिकारों और घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमति ज्योति ने विभागीय योजनाओं का विस्तृत विवरण देते हुए कहा कि सरकार ने अनाथ बच्चों और जिन बालिकाओं के पिता नहीं हैं, उनके लिए सुख शिक्षा योजना प्रारंभ की है, जिससे उन्हें शैक्षणिक सहायता मिल सके।जागोरी संस्था की जिला समन्वयक श्रीमति उमा द्वितीय ने किशोरियों से आग्रह किया कि वे मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी समाज में फैलाएं। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, सेनेटरी पैड के निष्पादन और संतुलित आहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक श्री कपिल ने पोक्सो एक्ट, बाल अधिकारों और बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर छात्राओं को जागरूक किया।कार्यक्रम के अंत में निदेशक विवेक ठाकुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग चम्बा का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर पोषण विकास ठाकुर, शिवालिका, तनु महाजन, अपराजिता, मुस्कान ठाकुर, चमन सिंह, नाहिद शेख, अदिति बिजलवान सहित संस्थान की 90 छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!