शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ढाडी में “विकेश पनाटू मेमोरियल” वॉलीबाल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

शिमला, 21 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के ढाडी में नवयुवक मंडल ढाडी द्वारा आयोजित “विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल युवाओं को नशे और अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के क्षेत्र में गंभीरता से काम कर रही है और प्रदेशभर में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) प्रदेश का सबसे बड़ा छात्रावास है, जहाँ वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन खेलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका गहरा भावनात्मक और पारिवारिक नाता है।

उन्होंने बताया कि विपरीत आर्थिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद राज्य में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। क्षेत्र में सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य संस्थानों और शिक्षण संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं सावड़ा–मांदल–झगटान सड़क की मेटलिंग और टारिंग का कार्य भी जारी है।प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और भाषाई विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार ने स्कूलों में हर शनिवार को “अपनी बोली में संवाद दिवस” मनाने का निर्णय लिया है ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे।

इस अवसर पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोअरकोटि के छात्रों को 2500 रुपये प्रति छात्र और स्थानीय युवक मंडल ढाडी को 50,000 रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में डीएजी कौशल मुंगटा, दीपक कालटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, एसएचओ चेतन चौहान समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
