हरोली को उपमुख्यमंत्री ने दी 81 करोड़ की पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं की सौगात,शिमला बस सेवा को भी दिखाई हरी झंडी

हरोली को उपमुख्यमंत्री ने दी 81 करोड़ की पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं की सौगात,शिमला बस सेवा को भी दिखाई हरी झंडी

ऊना, 11 अक्तूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पेयजल और सिंचाई सुविधाओं के सशक्तीकरण में निर्णायक कार्य कर रही है। हर घर को शुद्ध पेयजल और हर खेत को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वे शनिवार को हरोली उपमंडल के पालकवाह में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के लिए 81 करोड़ रुपये की पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 75 करोड़ रुपये की ‘उठाऊ पेयजल योजना बीत एरिया फेज-दो’ का शिलान्यास प्रमुख रहा।

इसके अतिरिक्त पोलियां बीत, लालूवाल, नंगल कलां और बट्टकलां में विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया, जिनसे लगभग 10 हजार लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा प्राप्त होगी।नई योजना के तहत स्वां नदी से पानी उठाकर 11 लाख लीटर क्षमता वाले टैंक में संग्रहित किया जाएगा, जहाँ से 43 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन और 80 किलोमीटर वितरण प्रणाली के माध्यम से बीत क्षेत्र के 28 गांवों में जल और सिंचाई सुविधा पहुंचेगी।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के लिए 100 करोड़ रुपये की नई सिंचाई योजना स्वीकृत की गई है, जबकि 175 करोड़ रुपये की भभौर साहिब–पोलियां बीत पेयजल योजना की तैयारी चल रही है।

उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और बिजली के क्षेत्र में हुए कार्यों ने इसे विकास का मॉडल क्षेत्र बना दिया है।उन्होंने जानकारी दी कि 2 हजार करोड़ रुपये की बल्क ड्रग पार्क परियोजना को केंद्र से पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है तथा 300 करोड़ रुपये के टेंडर खोले जा चुके हैं। यह परियोजना देश को दवा निर्माण में आत्मनिर्भर बनाएगी।कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, उपायुक्त जतिन लाल, एसडीएम विशाल शर्मा सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने पालकवाह से हरोली–ऊना–शिमला बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस अब हरोली से शिमला तक मात्र 5 से 6 घंटे में पहुंचेगी, जिससे क्षेत्रवासियों को तेज और सुविधाजनक यातायात सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!