मणिमहेश यात्रा के दौरान भूस्खलन में घायल छह श्रद्धालु चम्बा किए एयरलिफ्ट

मणिमहेश यात्रा के दौरान भूस्खलन में घायल छह श्रद्धालु चम्बा किए एयरलिफ्ट

चंबा, 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर से ऊपर दोनाली के समीप बुधवार को हुए भूस्खलन की घटना में छह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी को पहले भरमौर अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हेलीकॉप्टर टैक्सी के माध्यम से उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के चलते पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में ये श्रद्धालु आ गए। घायलों में दो यात्रियों की टांगें टूट गई हैं, जबकि अन्य चार को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।

घायलों में धर्मजीत सिंह निवासी हमीरपुर और अमृत कुमार निवासी अमृतसर शामिल हैं, जिनके पांव की हड्डी टूटने के कारण उन पर प्लास्टर लगाया गया है। दोनों अपने दोस्तों के साथ पवित्र यात्रा पर निकले थे।प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार धर्मजीत और अमृत कुमार का ऑपरेशन परिजनों के आने के बाद किया जाएगा। फिलहाल सभी घायलों की हालत डॉक्टरों की निगरानी में है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष हो रही लगातार भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के कारण मणिमहेश यात्रा बार-बार प्रभावित हो रही है। प्रशासन यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है और लोगों से कहा गया है कि वे यात्रा के दौरान मौसम और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!