नशे के तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों पर रखी जाएगी सख्त नजर:-डीएसपी मयंक शर्मा

नशे के तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों पर रखी जाएगी सख्त नजर:-डीएसपी मयंक शर्मा

डलहौजी/चम्बा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी में नव नियुक्त डीएसपी (सीडीपीओ) मयंक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। बनीखेत पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने कहा कि कुछ ढाबा संचालकों द्वारा शाम के समय खुलेआम अवैध शराब परोसे जाने की शिकायतें मिली हैं, जिन पर शीघ्र ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानों में खुलेआम बिक रहे सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर भी पुलिस सख्ती से नकेल कसेगी। डीएसपी शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से ही प्रभावी ढंग से चलाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि डलहौजी आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार से परेशान नहीं किया जाएगा, बल्कि उनकी सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि पर्यटन को प्रोत्साहन मिले। यातायात व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बनीखेत में पार्किंग की गंभीर समस्या है, जिसके समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से शीघ्र ही चर्चा कर स्थायी पार्किंग स्थल विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।डीएसपी मयंक शर्मा ने बताया कि स्कूल और कॉलेजों के समय जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे नाबालिग विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने से रोकें, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए है। कोई भी व्यक्ति किसी समस्या या शिकायत के लिए सीधे उनके कार्यालय या उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकता है। डीएसपी ने कहा कि वे स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशा तस्करों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!