विधायक डॉ. जनक राज ने सड़क परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री से मांगा सहयोग

विधायक डॉ. जनक राज ने सड़क परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री से मांगा सहयोग

चंबा 28जुलाई मुकेश कुमार( गोल्डी)


विधानसभा क्षेत्र भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने आज भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. जनक राज ने अपने क्षेत्र की तीन अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर मंत्री से सहयोग और समर्थन की मांग की।

डॉ. जनक राज ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष जो तीन प्रमुख सड़क परियोजनाएं रखीं, उनमें सबसे पहले पठानकोट-किलाड़ मार्ग का मामला शामिल था। यह मार्ग चंबा जिले को सीधा लाहौल-स्पीति और जम्मू-कश्मीर से जोड़ने की दिशा में अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है।

दूसरी महत्त्वपूर्ण परियोजना भरमौर को काँगड़ा जिले से जोड़ने वाली द्रुकुंड-करेरी सुरंग है, जो दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाएगी और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस सुरंग के निर्माण से दोनों जिलों के सामाजिक और आर्थिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

तीसरी परियोजना होली-उतराला सड़क से संबंधित है, जो बैजनाथ और भरमौर के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगी और क्षेत्रीय विकास में सहायक सिद्ध होगी।

डॉ. जनक राज ने मंत्री से आग्रह किया कि इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार की प्राथमिकता में शामिल कर शीघ्र स्वीकृति और बजट आवंटन सुनिश्चित किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने मांगों को सहानुभूतिपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत इन प्रस्तावों पर शीघ्र विचार किया जाएगा।

इस भेंट को भरमौर क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!