युवाशक्ति का संकल्प: 150 बीघा बंजर भूमि पर बना खेल मैदान

युवाशक्ति का संकल्प: 150 बीघा बंजर भूमि पर बना खेल मैदान

चंबा, 4 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा ज़िले की ग्राम पंचायत उदयपुर की युवाशक्ति ने सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 150 बीघा बंजर भूमि पर एक बहुउद्देशीय खेल मैदान तैयार किया है। यह प्रयास यूथ स्पोर्ट्स क्लब उदयपुर के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों से चल रहा था, जिसे अब 70 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है।

यूथ क्लब के अध्यक्ष राकेश कपूर ने बताया कि खेलों के प्रति प्रेम और नशे से दूर रहने की सोच ने इस पहल को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि गांववासियों और विभागीय योजनाओं के सहयोग से यह कार्य संभव हो पाया है। इस मैदान में अब क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों की सुविधा उपलब्ध है।ग्राम पंचायत के युवा उप-प्रधान अनूप गांधी ने जानकारी दी कि हाल ही में विधायक नीरज नैय्यर ने उपायुक्त सहित अधिकारियों के साथ मैदान का निरीक्षण किया।

उन्होंने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए क्लब को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके परिणामस्वरूप पंचायत को लगभग 54 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे जनभागीदारी और विभागीय योजनाओं के समावेश का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि यह मैदान केवल खेलों को ही नहीं, बल्कि युवाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने अन्य पंचायती राज प्रतिनिधियों से भी ऐसे प्रयासों से प्रेरणा लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!