योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत द्वारा निःशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन, ग्रामीणों ने उठाया लाभ

डलहौजी /चम्बा 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
योग मानव विकास ट्रस्ट, बनीखेत के तत्वावधान में आज ग्राम पंचायत ढलोग के पंचायत भवन में एक निःशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी शिविर में क्षेत्र के लगभग 35 मरीजों की दंत जांच की गई और उन्हें आवश्यक उपचार तथा देखभाल संबंधी परामर्श दिया गया।शिविर में मुख्य रूप से डॉ. पंकेश ठाकुर (BDS) द्वारा मरीजों की जांच की गई।

उन्होंने मरीजों को दांतों की सफाई, नियमित जांच और उचित देखभाल के महत्त्व के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में बहुत उपयोगी सिद्ध होते हैं।कार्यक्रम में योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत से ट्रस्टी श्री कुलदीप सिंह एवं श्री राहुल कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत ढलोग की प्रधान श्रीमती सुदेश कुमारी एवं पंचायत के अन्य वार्ड सदस्य भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और शिविर की व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया।

कुलदीप सिंह ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता बढ़ाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने ट्रस्ट तथा चिकित्सा टीम का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ और उपस्थित लोगों ने इसे एक प्रशंसनीय कदम बताया।