किहार में आसमानी बिजली का कहर 11 मवेशियों की मौत, युवती घायल

सलूणी/चंबा, 7 अक्तूबर मुकेश कुमार( ‘गोल्डी’)
चंबा जिले के किहार क्षेत्र की किलोड़ पंचायत में मंगलवार सुबह आसमानी बिजली गिरने से बड़ा नुकसान हुआ है। घटना में 11 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 21 वर्षीय युवती झुलसकर घायल हो गई। घायल युवती को सिविल अस्पताल किहार में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रैफर किया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, बीते दो दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मंगलवार सुबह किलोड़ पंचायत के थतीधार स्थित अधवारी में अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इस प्राकृतिक आपदा में जखराल गांव के निवासी पवन कुमार पुत्र कन्हैया की सात भेड़ें, एक गाय और एक बैल मौके पर ही मारे गए। वहीं, मुकेश कुमार पुत्र कंठ निवासी जखराल के दो बैल भी इस घटना में काल के ग्रास बन गए।आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पवन कुमार की 21 वर्षीय बेटी भारती राणा को झटका लगा, जिससे वह घायल हो गई।

गनीमत रही कि घटना के समय मौजूद दोनों परिवारों के अन्य सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा क्षेत्र कुछ क्षणों के लिए दहशत में आ गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।उधर, प्रशासन की ओर से भी राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है, जो नुकसान का आकलन कर रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। मौसम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। और तमाम उपमंडलाधिकारीयों उचित दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।