बनीखेत में अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का निरीक्षण, सीएमओ ने गिनाईं सुविधाएं

डलहौजी /चंबा 08 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने आज बनीखेत स्थित नवस्थापित अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर (Urban Health & Wellness Centre) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्टाफ व्यवस्था और आम जनता को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि हाल ही में अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बनीखेत का शुभारंभ किया गया है।

इसका मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और शहरी क्षेत्र के नागरिकों को उनके घर के समीप ही उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को उपचार के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।सीएमओ ने बताया कि यह केंद्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया है। अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर न केवल उपचार सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग, टीकाकरण और स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से रोगों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसके साथ ही जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार भी संभव हो सकेगा।डॉ. भारद्वाज ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि आम जनता को सुरक्षित, सुलभ और प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।