राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में रोड सेफ्टी पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी/चम्बा, 29 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सड़क सुरक्षा (रोड सेफ्टी) विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात नियमों के पालन की महत्ता को समझाना था।कार्यक्रम का शुभारंभ रोड सेफ्टी के संयोजक श्री विजय कुमार के स्वागत अभिभाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हो रही निरंतर वृद्धि समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और युवाओं को इस दिशा में जागरूक होकर जिम्मेदार नागरिक बनने की आवश्यकता है।

मुख्य वक्ता एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय नाग ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग, और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित ड्राइविंग की आदत डालें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।डॉ. नाग ने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी नियमों या कानूनों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जागरूकता और जिम्मेदारी से सुनिश्चित की जा सकती है।

उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को जीवन रक्षक उपाय बताया और कहा कि एक छोटी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है।कार्यक्रम में महाविद्यालय के अध्यापकगण, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मौनिका, संजय कुमार सहित कई छात्रों ने भी अपने विचार रखे और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में संयोजक श्री विजय कुमार ने सभी का धन्यवाद किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता को और सुदृढ़ किया जा सके।