एचआरटीसी बस में सवार युवक से 384 ग्राम चरस बरामद, मामला दर्ज पुलिस जांच में जुटी

भटीयात/चुवाडी 23 जून बबलू पठानिया
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत चेक पोस्ट तुन्नुहट्टी में चौकी प्रभारी विवेक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल को उस समय बड़ी सफलता प्राप्त हुई जब नियमित नाकाबंदी के दौरान एक बस सवार युवक से 384 ग्राम चरस बरामद की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार को तून्नूहट्टी चेक पोस्ट पर रोजाना की तरह नाकाबंदी को अंजाम दिया गया था जहां आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एचआरटीसी बस नंबर HP73-7856, जो तीसा भंझराडु से नगरोटा की ओर जा रही थी, को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और उसकी गतिविधियां संदेहास्पद लगने लगीं।पुलिस ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए युवक से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

इसके पश्चात जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 384 ग्राम चरस बरामद की गई।पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर थाना चुवाड़ी में कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय गोविंद सिंह पुत्र परस राम, निवासी कंडवास, डाकघर गनेड़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।इस पूरे मामले की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे पुलिस को सहयोग देकर नशे के खिलाफ इस लड़ाई में भागीदार बनें।