ब्लैकआउट के समय क्या करें: नागरिकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ब्लैकआउट के समय क्या करें: नागरिकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश

चम्बा 09 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

राष्ट्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन स्थिति जैसे हवाई हमले या युद्ध जैसी परिस्थितियों में ब्लैकआउट की घोषणा की जाती है। ऐसे समय में नागरिकों को सतर्क रहकर निम्नलिखित सावधानियों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

ब्लैकआउट की स्थिति में सभी प्रकार की बिजली व प्रकाश के स्रोत तुरंत बंद कर दें, जिससे बाहरी रोशनी न दिखाई दे। एयररेड सायरन बजने पर शांतिपूर्वक निकटतम सुरक्षित स्थान या बंकर में शरण लें। खिड़कियों पर मोटे काले कागज लगाएं और शीशों से दूर रहें। यदि खुले में हों, तो शीघ्र जमीन पर लेट जाएं।

घबराएं नहीं, बल्कि बच्चों एवं परिजनों को भी जागरूक करें। मोबाइल या रेडियो के माध्यम से सरकारी अलर्ट व निर्देश सुनते रहें। यदि सड़क पर हों तो वाहन साइड में खड़ा कर उसकी लाइट बंद कर दें।

सुरक्षित शरण स्थल या बंकर की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें और वहाँ तक पहुँचने का मार्ग निर्धारित रखें। अपने घर में एक मजबूत, बिना खिड़की वाला कमरा तैयार रखें। आवश्यक वस्तुएं जैसे तीन दिन का पीने का पानी, सूखा भोजन (बिस्कुट, ड्राई फूड), प्राथमिक चिकित्सा किट, टॉर्च व अतिरिक्त सेल आदि तैयार रखें।

अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, मेडिकल रिपोर्ट आदि सुरक्षित स्थान पर रखें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या बम की सूचना तुरंत पुलिस को दें—उसे छुपाने का प्रयास न करें।

मॉक ड्रिल को गंभीरता से लें, जिससे आपातकाल की स्थिति में जान-माल की हानि को कम किया जा सके। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों व स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें और समय-समय पर जारी सरकारी आदेशों का पालन करें।

ब्लैकआउट में हवाई हमले का संकेत ऊँची-नीची आवाज में 2 मिनट का सायरन होता है, जबकि खतरा टलने पर 2 मिनट का एकसमान सायरन बजाया जाता है। इसके बाद ही बाहर निकलने की अनुमति होती है।

देशहित में अपने घरों व प्रतिष्ठानों की सभी प्रकार की रोशनी बंद रखें। आपदा प्रबंधन व ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पूर्णतः पालन करें और संयम बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!