बनीखेत–खैरी मुख्य मार्ग पर जल शक्ति विभाग की लापरवाही दे रही बड़े खतरे का संकेत

डलहौजी/चंबा, 23 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी )
बनीखेत–खैरी मुख्य मार्ग पर बडेरू नाडु के पास हाल ही में भारी बारिश के चलते मुख्य मार्ग धंस गया था। इस कारण यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग में भराई का कार्य कर सड़क को सुचारू कर दिया। हालांकि सड़क के किनारे जल शक्ति विभाग की पाइपलाइन बिछी हुई है, जो बीते कई दिनों से क्षतिग्रस्त होने के कारण लगातार पानी रिसा रही है।

पाइपलाइन से हो रहे इस रिसाव के कारण सड़क पर भरी गई मिट्टी गीली होकर फिसलन पैदा कर रही है। जगह-जगह पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बाइक चालक फिसलन के चलते दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं। राहगीरों को भी इस स्थिति के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत ढलोग समेत आसपास की पंचायतों के ज्यादातर गांवों के लिए यही मार्ग जिला मुख्यालय तक पहुंचने का एकमात्र साधन है। ऐसे में इस मार्ग पर उत्पन्न हुई समस्या गंभीर रूप ले सकती है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और विभाग सहित स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को तुरंत रिपेयर किया जाए।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन को ठीक नहीं किया गया तो पानी का रिसाव सड़क को और कमजोर कर सकता है, जिससे आने वाले दिनों में मार्ग दोबारा धंस सकता है और यातायात पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि न केवल राहगीरों की परेशानी कम हो, बल्कि संभावित हादसों और सड़क धंसने के खतरे को भी टाला जा सके।