डलहौजी में आयोजित खंड स्तरीय कला उत्सव में नगाली स्कूल का उम्दा प्रदर्शन

डलहौजी में आयोजित खंड स्तरीय कला उत्सव में नगाली स्कूल का उम्दा प्रदर्शन

डलहौजी/चम्बा, 21 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय पीएम श्री उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी में आयोजित खंड स्तरीय कला उत्सव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कला उत्सव में खंड स्तर के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी-अपनी कला प्रस्तुत की।नगाली स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक कहानी वाचन श्रेणी और संगीत वादन समूह प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही नाटक समूह प्रतियोगिता में विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान भी हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ नगाली स्कूल ने कला उत्सव में अपना दबदबा कायम रखा।कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब जिला स्तरीय कला उत्सव में भाग लेंगे और वहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इससे नगाली स्कूल के विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा का संचार हुआ है।विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री संदीप राज राठौड़ ने इस उपलब्धि पर बच्चों और उनके मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अध्यापकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी नगाली स्कूल के विद्यार्थी इसी तरह का शानदार प्रदर्शन करेंगे और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने सभी विद्यार्थियों को संदेश दिया कि कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी सशक्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!