रास्ते में एंबुलेंस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, चुराह की स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

तीसा/ चुराह 10 नवंबर दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा-तीसा मार्ग पर राजपुरा के समीप एक महिला ने एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो परिजन उसे तीसा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां के डॉक्टरों ने महिला की डिलीवरी करने के बजाय उसे चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद महिला को एंबुलेंस से चंबा ले जाया जा रहा था कि बीच रास्ते राजपुरा के पास ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया।एंबुलेंस स्टाफ की तत्परता से जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। इस मौके पर ईएमटी बालदेई और चालक गुलाम हुसैन की मौजूदगी में डिलीवरी सफलतापूर्वक करवाई गई।हालांकि, इस घटना ने तीसा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीसा अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, यहां तक कि सामान्य डिलीवरी भी नहीं हो पाती। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब महिला की हालत ठीक थी, तो डॉक्टर ने उसे चंबा क्यों रेफर किया? अगर रास्ते में कोई अनहोनी हो जाती, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों ने इस घटना को क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का उदाहरण बताया है। लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि तीसा अस्पताल को पर्याप्त सुविधाएं, योग्य डॉक्टर और उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी गर्भवती महिला को इस तरह की जोखिम भरी स्थिति का सामना न करना पड़े।यह घटना चुराह क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक गंभीर सवाल छोड़ती है।