विधानसभा अध्यक्ष ने गरनोटा स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

विधानसभा अध्यक्ष ने गरनोटा स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चंबा-चुवाड़ी टनल निर्माण की फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार:- कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चुवाडी, 23 अक्तूबर बबलू पठानिया

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गरनोटा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आज धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जाएगी।

विद्यालय द्वारा शिक्षा के सभी मापदंडों पर खरा उतरने के लिए उन्होंने स्कूल प्रबंधन की सराहना की।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रस्तावित चंबा–चुवाड़ी टनल की फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है, और इसके निर्माण के लिए केंद्रीय संस्था या आउटसोर्स एजेंसी से वित्त पोषण की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों से भारी राजस्व अर्जित करने के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को उसका उचित हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं प्रगति पर हैं। ककरौटी घट्टा में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 35 से अधिक सड़क परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें से अधिकांश पूर्ण हो चुकी हैं और जल्द लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गरनोटा में नए विषयों के पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जाएंगे।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा।

विधानसभा अध्यक्ष ने वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 31 हजार और कनिष्ठ वर्ग के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज चंदेल, शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन सहित कई अधिकारी, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!