तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया शुभारंभ, 400 शिक्षण संस्थान व 30 गांव होंगे तंबाकू मुक्त

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया शुभारंभ, 400 शिक्षण संस्थान व 30 गांव होंगे तंबाकू मुक्त

चंबा, 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष से “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चंबा पुलिस के तत्वावधान में नशीले एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने हेतु “सक्षम अभियान” की भी शुरुआत की।

उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में 30 जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 400 शिक्षण संस्थानों और 30 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुकेश रेपसवाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि सक्षम अभियान की गतिविधियों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के साथ समन्वयित किया जाए। उन्होंने कोटपा अधिनियम, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान एवं तंबाकू वेंडर लाइसेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी विकास खंडों में फ्लाइंग स्क्वॉड को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. पंकज गुप्ता, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रतिदिन 3,000 से अधिक लोगों की मृत्यु तंबाकू सेवन के कारण होती है, जबकि कैंसर से मरने वाले प्रत्येक 100 में से 40 रोगी तंबाकू के सेवन से प्रभावित होते हैं। लगभग 95 प्रतिशत मुंह के कैंसर के मामले तंबाकू सेवन करने वालों में पाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!