चम्बा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया दल ने चलाया जनजागरूकता अभियान

चम्बा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया दल ने चलाया जनजागरूकता अभियान

चम्बा, 28 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चम्बा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Reaction Team) ने शनिवार को शहर के प्रमुख स्थलों तथा शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।टीम ने विभिन्न स्थानों पर छात्रों, अभिभावकों तथा आम लोगों से संवाद स्थापित करते हुए बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को हानि पहुँचाता है बल्कि पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है।

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया तथा कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर ही एक सुनहरे भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।अभियान के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया दल ने वरिष्ठ नागरिकों से भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पुलिस ने बुजुर्गों से उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस हमेशा उनके सहयोग और सुरक्षा के लिए तत्पर है। वरिष्ठ नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।

चम्बा पुलिस ने बताया कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंच सके। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में सक्रिय सहयोग दें और अपने आसपास यदि कोई अवैध गतिविधि होती दिखे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस को विश्वास दिलाया कि वे नशामुक्त समाज की दिशा में मिलकर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!