“समर्थ-2025” के तहत विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित निर्माण का संदेश,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया मॉडलों का अवलोकन

“समर्थ-2025” के तहत विद्यार्थियों ने दिया सुरक्षित निर्माण का संदेश,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया मॉडलों का अवलोकन

चंबा, 7 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा की ओर से “समर्थ-2025” कार्यक्रम के अंतर्गत आज “सुरक्षित निर्माण की तकनीकों पर जिला स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, राजकीय बहुतकनिकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) और आईटीआई के विद्यार्थियों ने अपने अभिनव मॉडलों के माध्यम से आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं सुरक्षित निर्माण के संदेश को प्रदर्शित किया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी रचनात्मकता, तकनीकी समझ और परिश्रम की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षित निर्माण पद्धतियों की समझ विकसित करना तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने इस पहल को भविष्य के सुरक्षित और सुदृढ़ समाज निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने यह दर्शाया कि भूकंप, भूस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को वैज्ञानिक निर्माण तकनीकों के माध्यम से किस प्रकार कम किया जा सकता है।कार्यक्रम में स्कूल, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया — कॉलेज, वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालय स्तर।कॉलेज वर्ग में आईटीआई चंबा, वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर, तथा उच्च विद्यालय वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय टापर विजेता रहे।विजेता प्रतिभागी अब 8 अक्तूबर को शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रविंद्र चिनौरिया, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण एवं आईटीआई-पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!