बनीखेत व आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते प्रवासियों की जांच को लेकर कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने डीएसपी डलहौजी को लिखा पत्र

डलहौजी/ चम्बा 08 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बनीखेत व इसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ महीनों के दौरान प्रवासियों की संख्या में तेज़ी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसे लेकर स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल बना हुआ है। इस विषय को लेकर क्षेत्र में कई स्तर पर बैठकें भी आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें लोगों ने सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर अपनी आशंकाएं व्यक्त की हैं।स्थानीय लोगों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने आज इस मामले में पहल करते हुए डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा को एक पत्र लिखकर बनीखेत व आसपास के क्षेत्रों में मौजूद सभी प्रवासियों की विस्तृत पुलिस जांच कराने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का विस्तृत विवरण देते हुए प्रशासन से आग्रह किया है कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी प्रवासियों का सत्यापन एवं रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जाए।मनीष सरीन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक चंबा, डीआईजी धर्मशाला रेंज, पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश तथा माननीय मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को भी भेजी गई है, ताकि मामला उच्च स्तर पर भी संज्ञान में आ सके और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकें।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेगा। उनका कहना है कि प्रवासियों की विस्तृत पुलिस जांच से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय निवासियों में भी सुरक्षा और संतोष की भावना उत्पन्न होगी।स्थानीय लोगों का भी मानना है कि बढ़ती आबादी के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन से यह अपेक्षा की जा रही है कि वह शीघ्र ही उचित कार्रवाई करते हुए सत्यापन प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा करेगा, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।