26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 का चंबा में समापन, धर्मशाला वन वृत्त ओवरऑल विजेता घोषित

26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 का चंबा में समापन, धर्मशाला वन वृत्त ओवरऑल विजेता घोषित

चंबा, 4 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

वन विकास निगम के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) केहर सिंह खाची ने आज 26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफियां, पदक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर केहर सिंह खाची ने कहा कि वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी न केवल अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं,

बल्कि खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर विभाग की टीम भावना, अनुशासन और ऊर्जा का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में शारीरिक स्फूर्ति के साथ-साथ कार्यस्थल पर सहयोग, सौहार्द और समर्पण की भावना को भी मजबूत बनाती हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “व्यवस्था परिवर्तन” के संकल्प के साथ आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में कार्य कर रही है। खाची ने बताया कि वन और जल की अवधारणा को जोड़ते हुए इको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

साथ ही सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों सहित कम वेतन पर कार्य कर रहे कर्मियों के हित में ठोस नीति पर भी विचार कर रही है।उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता दी जाएगी।इससे पूर्व प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद ने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी साझा करते हुए कर्मचारियों से एथलेटिक गतिविधियों में अधिक भागीदारी का आग्रह किया। अरण्यपाल वन वृत्त चंबा राकेश कुमार ने अपने सबोधन में आए मेहमानों का स्वागत किया जबकि धन्यवाद प्रस्ताव वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने रखा।

राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 में वन वृत्त धर्मशाला ओवरऑल विजेता रहा। कार्यक्रम में विभागीय कर्मियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। उपमंडल अधिकारी नागरिक चंबा प्रियांशु खाती सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!