छोटी दीपावली पर चांजु माता मंदिर में भव्य लंगर का आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

छोटी दीपावली पर चांजु माता मंदिर में भव्य लंगर का आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

तीसा/चुराह, 21 अक्तूबर दिलीप सिंह ठाकुर

छोटी दीपावली के पावन अवसर पर तीसा उपमंडल के प्रसिद्ध चांजु माता मंदिर में आज श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत माहौल के बीच भव्य लंगर का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता चामुंडा चांजु वाली के साक्षात दर्शन कर भोजन रूपी प्रसाद ग्रहण किया और माता से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर को दीपों और फूलों से सुंदर रूप से सजाया गया था। भक्तों की भीड़ सुबह से ही मंदिर में उमड़ पड़ी और “जय माता दी” के जयकारों से संपूर्ण वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर दीपावली पर्व की शुरुआत माता के चरणों में आशीर्वाद लेकर की।

मंदिर के पुजारी टासीराम ने जानकारी देते हुए बताया कि छोटी दीपावली पर आयोजित इस भव्य भंडारे के साथ ही चांजु मंदिर में चल रहे पूजा-अनुष्ठान और जातर मेले का समापन किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी चैत्र नवरात्रों के प्रारंभ होते ही माता के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठान के साथ जातर मेलों का पुनः शुभारंभ किया जाएगा।

पुजारी ने यह भी बताया कि माता काली चांजु वाली के मंदिर के कपाट वर्षभर खुले रहते हैं, जिससे श्रद्धालु कभी भी आकर माता के दर्शन कर सकते हैं और आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आए भक्तों ने भी लंगर में भाग लिया और सामूहिक भक्ति व सौहार्द का परिचय दिया। मंदिर समिति ने लंगर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों और स्वयंसेवकों का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!