नैनीखड्ड–मेल मार्ग पर गश्त के दौरान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 पेटियाँ अवैध देसी शराब बरामद

डलहौजी़/ चम्बा 17 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस चौकी बकलोह की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। चौकी प्रभारी एएसआई सुनील कुमार की अगुवाई में पुलिस दल अपने परिक्षेत्र एनएच-154 पर नैनीखड्ड–मेल मुख्य मार्ग में नियमित गश्त पर था। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करना है।
इसी क्रम में पुलिस दल ज़ीरो प्वाइंट लिंक रोड खैरी पर शनिवार शाम लगभग सवा पाँच बजे वाहनों की जाँच कर रहा था। जांच के दौरान नीचे पठानकोट मार्ग की ओर से आ रहा विंगर वाहन नंबर HP01-C-1112 पुलिस टीम की नज़र में आया। वाहन को अनुज कुमार पुत्र किशन चंद, निवासी गांव लुथ्नु, डाकघर बाथरी, तहसील डलहौज़ी, जिला चंबा, चला रहा था। एएसआई सुनील कुमार ने उसे नियमित जांच के लिए रुकने का संकेत दिया।

वाहन को रोकने पर पुलिस टीम ने आगे की सीटों और केबिन में कुछ संदिग्ध वस्तुएँ देखीं। गहन संदेह के आधार पर एएसआई सुनील कुमार ने गवाहों और पुलिस दल की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पेटियाँ देसी शराब “कंट्री लिकर मार्का ऊना नंबर 1” बरामद हुईं। जब उससे इस शराब के संबंध में लाइसेंस, बिल, परमिट या किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह असफल रहा।
अवैध शराब की बरामदगी को गंभीर अपराध मानते हुए एएसआई सुनील कुमार ने मौके पर ही आरोपी के विरुद्ध रुक्का तैयार किया और इसे पुलिस थाना चुवाडी भेजा। रुक्का के आधार पर आरोपी अनुज कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस पूरे प्रकरण की पुष्टि पुलिस थाना प्रभारी रमन चौधरी ने की। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील की ताकि समाज को नशे की बुराई से मुक्त किया जा सके।