राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी / चम्बा 21 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में आज सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और दुर्घटना रहित समाज के निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना रहा।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय नाग ने कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों का प्रमुख कारण लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने तथा तेज रफ्तार, अनावश्यक ओवरटेकिंग और मोबाइल फोन के उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा की मजबूत ढाल है

कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जो महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर बनीखेत बस स्टैंड तक निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के नारे, बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। रैली में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर रोड सेफ्टी संयोजक श्री विजय कुमार, सहायक आचार्य डॉ. मनोज कुमार, संजय कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
