चम्बा में तीन दिवसीय आशा फेसीलिटेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम

चम्बा में तीन दिवसीय आशा फेसीलिटेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम

चंबा 26 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के कार्यालय के सभागार में आज तीन दिवसीय आशा फेसीलिटेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 26 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला स्वास्थ्य अधिकारी चंबा डॉ. कविता महाजन ने किया।इस अवसर पर डॉ. कविता महाजन ने नवनियुक्त 30 आशा फेसीलिटेटरों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके कौशल-विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह सभी फेसीलिटेटर जिला चंबा की ही आशा वर्करों में से चयनित की गई हैं। प्रत्येक फेसीलिटेटर लगभग 20 आशाओं की गुरु, सहयोगी, मार्गदर्शिका, कोच तथा सलाहकार के रूप में कार्य करेगी। वे आशा वर्कर और चिकित्सा अधिकारी के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बनकर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संप्रेषण तथा क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएँगी।डॉ. महाजन ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण के उपरांत जिले के सभी गांवों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और अति-पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है, और इस प्रकार का प्रशिक्षण जमीनी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य परिणाम प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षित फेसीलिटेटर प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल, टीकाकरण, पोषण, नवजात शिशुओं की निगरानी, जोखिमपूर्ण गर्भधारण की पहचान तथा स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर आशा वर्करों को मार्गदर्शन देंगी। इससे गांवों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी और समुदाय तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ पहुँचाने में गति आएगी।इस अवसर पर प्रशिक्षु के रूप में जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी (सीआर ठाकुर) तथा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक खंड पुखरी श्री सतपाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण सामग्री, कार्ययोजना और फील्ड गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक सकारात्मक व महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!