डलहौज़ी में युवा आपदा मित्र योजना के तहत 7 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का चौथा बैच शुरू

डलहौज़ी / चम्बा 22 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा युवा आपदा मित्र योजना के तहत आयोजित 7 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 नवंबर से 28 नवंबर तक सात दिवसीय चौथे बैच का शुभारंभ जिला चंबा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौज़ी स्थित युथ हॉस्टल में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आपदा प्रबंधन के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए सक्षम बनाने हेतु आयोजित किया जा रहा है।इस प्रशिक्षण शिविर में एनएसएस, एनवाईकेएस और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े कुल 68 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

ये प्रतिभागी राजकीय महाविद्यालय लीलकोठी, चंबा तथा भरमौर से चयनित किए गए हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव, आगजनी नियंत्रण, बाढ़ एवं भूस्खलन प्रबंधन, सीपीआर तकनीक और आपात स्थिति में सामुदायिक समन्वय जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।उद्घाटन सत्र का शुभारंभ माननीय जिला राजस्व अधिकारी चंबा, डॉ. विक्रमजीत सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाते हैं, बल्कि समाज के प्रति उनके दायित्वों और संवेदनशीलता को भी बढ़ाते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश भौगोलिक रूप से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, इसलिए प्रशिक्षित युवा ऐसी आपदाओं के समय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा और भविष्य में जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।