ग्राम पंचायत हरिपुर में स्थापित होगा सौर ऊर्जा संयंत्र ,उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

चंबा, 13 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिला चंबा की ग्राम पंचायत हरिपुर में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बुधवार को योजना से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत हरिपुर में 200 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र, सौर गली रोशनियाँ (स्ट्रीट लाइटें) तथा छतों पर सोलर पैनल प्रणाली स्थापित की जाएगी। परियोजना के लिए आवश्यक विभागीय औपचारिकताएँ पूर्ण की जा रही हैं, ताकि कार्य शीघ्र आरंभ हो सके।

उपायुक्त ने खंड विकास अधिकारी चंबा और परियोजना अधिकारी हिम ऊर्जा को निर्देश दिए कि वे पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर 6 बीघा भूमि का प्रावधान सुनिश्चित करें तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करें। साथ ही, एफआरए केस तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि परियोजना को समय पर स्वीकृति मिल सके।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत हरिपुर के पाँच वार्डों में प्रत्येक वार्ड में 10 सौर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, पंचायत घर और चार शिक्षण संस्थान भी इस योजना से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के पश्चात ग्राम पंचायत हरिपुर को प्रति वर्ष लगभग 10 से 11 लाख रुपये की आय प्राप्त होगी, जिससे पंचायत आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, खंड विकास अधिकारी महेश चंद ठाकुर, परियोजना अधिकारी शशिकांत (हिम ऊर्जा), सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर, अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।