चौगान के संरक्षण में आगे आएगा वैटरन क्रिकेट क्लब और हॉकी एसोसिएशन

चंबा 24 नवंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि ऐतिहासिक चौगान मैदान के बेहतर रखरखाव और संरक्षण के लिए वैटरन क्रिकेट क्लब और हॉकी एसोसिएशन चंबा ने जिला प्रशासन के साथ सहयोग देने की सहमति जताई है। उन्होंने दोनों संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौगान सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि चंबा की पहचान, सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय भावनाओं का प्रतीक है। इसके संरक्षण में समाज की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।उपायुक्त ने कहा कि चौगान को हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा हर वर्ष सर्दियों के दौरान यहां आमजन की आवाजाही पर नियमानुसार प्रतिबंध लगाया जाता है। इस अवधि में मैदान की घास को पुनः विकसित करने, मिट्टी को पोषित करने और सतह को मजबूत बनाने का कार्य किया जाता है। चौगान के खाली हिस्सों में पैच आधारित विधि से दूब घास लगाई जाती है, वहीं खरपतवारों की समय-समय पर सफाई भी प्रशासनिक टीम और सहयोगी संस्थाओं द्वारा सुनिश्चित की जाती है।उन्होंने बताया कि चौगान के संरक्षण कार्यों में अब तक कई सामाजिक संस्थाओं, विभागों और नागरिकों का मूल्यवान सहयोग मिलता रहा है। इस श्रृंखला में अब वैटरन क्रिकेट क्लब और हॉकी एसोसिएशन का जुड़ना इस अभियान को और मजबूती प्रदान करेगा।उपायुक्त रेपसवाल ने जिले की सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और जागरूक नागरिकों से आह्वान किया है कि अगर वे भी चौगान के रखरखाव व संरक्षण में योगदान देना चाहते हैं तो अपने सुझाव एवं सहयोग प्रस्ताव प्रशासनिक कार्यालय को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस धरोहर की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।