डलहौजी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सड़क अपग्रेडेशन कार्य का किया भूमि पूजन, चंबा जिला को मिली 553 करोड़ की सौगात

डलहौजी/चम्बा, 19 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बीते कल देर शाम डलहौजी पहुंचने पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं डलहौजी की पूर्व विधायिका आशा कुमारी तथा अमित भरमौरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

तो वहीं आज मंत्री ने डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टप्पर में चकरा से शेरपुर तक निर्माणाधीन सड़क के उन्नयन कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ग्राम पंचायत टप्पर की करीब 1200 आबादी को सुगम व सुरक्षित यातायात सुविधा प्रदान करेगी।चकरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना -4 के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है जिन पर 2300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

इनमें से जिला चंबा के लिए 65 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिन पर 553.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पीएमजीएसवाई – 4 के अंतर्गत भरमौर में 29 सड़कों पर 290.19 करोड़, भटियात में 12 सड़कों पर 104.74 करोड़, चंबा में 14 सड़कों पर 81.24 करोड़, चुराह में 3 सड़कों पर 21.07 करोड़ तथा डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में 7 सड़कों पर 56.44 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस योजना के तहत जिला चंबा में कुल 327 किलोमीटर सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है।मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि पीएमजीएसवाई -3 के तहत जिला चंबा में 17 सड़कों का निर्माण 188 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

वहीं सीआरआईएफ के तहत 3 सड़कों पर 70 करोड़ तथा नाबार्ड योजना के अंतर्गत 12 सड़कों पर 107 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर जिले में सड़क निर्माण पर 370 करोड़ रुपये व्यय हो रहे हैं, जबकि पीएमजीएसवाई-4 के तहत स्वीकृत 553 करोड़ अतिरिक्त हैं।इससे पूर्व मंत्री ने प्रातः 10 बजे डलहौजी मास्टर प्लान से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद उन्होंने वर्षा ऋतु में क्षतिग्रस्त हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए के महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पूर्व विधायिका आशा कुमारी ने कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र से संबंधित सड़कों, पुलों एवं बस परमिट संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पीएमजीएसवाई-4 में डलहौजी क्षेत्र के लिए 7 सड़कें स्वीकृत करवाने के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष धर्म सिंह पठानिया, अमित भरमौरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष कमल ठाकुर, ठेकेदार जगदीश ठाकुर सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
