नशे के खिलाफ अभियान में चम्बा पुलिस को बड़ी सफलता, 19 वर्षीय युवक से 612 ग्राम चरस बरामद

चुराह/चम्बा, 12 नवंबर दिलीप सिंह ठाकुर
जिला चंबा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीती रात विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की टीम को एक बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस दल जब तीसा–बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर नियमित गश्त कर रहा था, तो इसी दौरान द्वारीईं के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।पुलिस द्वारा तलाशी के दौरान युवक के हाथ में लिए गए सफेद रंग के कैरी बैग से कुल 612 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपी की पहचान खुर्शीद अहमद उर्फ सन्नी पुत्र यासीन मोहम्मद, निवासी गांव कतरौत, डाकघर थनेईकोठी, तहसील चुराह, जिला चंबा (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसकी आगे की रिमांड प्रक्रिया पूरी की जाएगी।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा, विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस दल द्वारा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।एसपी सकलानी ने कहा कि “हिमाचल पुलिस द्वारा चलाया गया यह नशा मुक्ति अभियान भविष्य में और भी तेज़ी से जारी रहेगा। समाज के युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया है कि चंबा जिला पुलिस नशे के खिलाफ पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ डटी हुई है, जिससे क्षेत्र में नशे के अवैध व्यापार पर लगाम कसने में मदद मिल रही है।