केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू चंबा जिले के दो दिवसीय दौरे पर, रखेंगे विकास परियोजनाओं की आधारशिला

चंबा 24 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू दो दिवसीय दौरे पर चंबा जिले में रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उनका यह दौरा मुख्य रूप से जिले में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा और नव निर्मित परियोजनाओं की आधारशिला रखने को लेकर निर्धारित है।कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री 27 नवंबर को दोपहर 1 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ढुंडियारा बंगला पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे शाम लगभग 3:30 बजे चंबा पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उनसे मुलाकात करेंगे। मंत्री का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस चंबा में निर्धारित किया गया है।दौरे के दूसरे दिन यानी 28 नवंबर को केंद्रीय मंत्री सुबह 10:30 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस भंजराड़ू पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे भंजराड़ू में आईटीआई भवन तथा खेल परिसर तीसा की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री दोपहर 1:30 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सलूणी पहुंचेंगे। बाद दोपहर 2:30 बजे सलूणी में प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम की आधारशिला रखी जाएगी। इस स्टेडियम के निर्माण से चंबा जिला के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त होंगी।अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री शाम 3:30 बजे सलूणी से नूरपुर (जिला कांगड़ा) के लिए रवाना होंगे।केंद्रीय मंत्री का यह दौरा क्षेत्र में विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और अधिकारियों में उनके आगमन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।