यौन शोषण मामले में चुराह विधायक डॉ. हंसराज से तीन घंटे पूछताछ, शनिवार को दोबारा तलब

चम्बा 14 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज ने गुरुवार को चंबा पुलिस के समक्ष पेश होकर जांच में सहयोग दिया। महिला थाना चंबा में हुई इस पेशी के दौरान पुलिस टीम ने उनसे लगभग तीन घंटे तक गहन पूछताछ की। पुलिस ने यौन शोषण से जुड़े दर्ज मामले के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से सवाल किए तथा पूरे घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की तह तक जाने की कोशिश की। पूछताछ के तुरंत बाद पुलिस टीम उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर गई, जहां आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण पूरा किया गया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. हंसराज को अदालत ने 22 नवंबर तक अंतरिम जमानत प्रदान की है, जिसके तहत उन्हें पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग करना अनिवार्य है। अदालत के निर्देशों के अनुरूप महिला थाना चंबा ने भी विधायक को सख्त हिदायतें दी हैं कि जब भी जांच के सिलसिले में उन्हें बुलाया जाएगा, उन्हें तत्काल थाने में उपस्थित होना होगा। पुलिस इस मामले से जुड़े तथ्यों और सबूतों की गहराई से पड़ताल कर रही है, ताकि आरोपों की सत्यता का निष्पक्ष रूप से मूल्यांकन किया जा सके।
इस बीच, पुलिस ने जांच की अगली प्रक्रिया के तहत विधायक को आगामी शनिवार को दोबारा तलब किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगली पूछताछ में मामले से जुड़े कुछ तकनीकी पहलुओं, संभावित साक्ष्यों और बयानबाजी में आए विरोधाभासों पर भी चर्चा की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि इसमें कोई पक्षपात न हो।
गौरतलब है कि लगभग सात दिन पहले चुराह क्षेत्र की एक युवती ने विधायक डॉ. हंसराज पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। युवती ने यह भी शिकायत दर्ज करवाई थी कि नाबालिग होने के दौरान भी उससे शारीरिक संबंध बनाए गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं पोक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया था। वर्तमान में पुलिस जांच जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन की जा रही है।