बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग व आईटीआई की संयुक्त फ्रेशर पार्टी में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम, अर्पिता बनीं मिस फ्रेशर

डलहौजी/चंबा, 09 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स द्वारा संचालित बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं आईटीआई की संयुक्त फ्रेशर पार्टी का आयोजन मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं संस्थान की निदेशक वाहिदा बट्ट व तमन्ना बट्ट भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। संस्थान के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा संस्थान की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।अपने संबोधन में परवेज अली बट्ट ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स द्वारा जिले में निजी क्षेत्र में 19वीं फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्थान अब तक अपने हजारों प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवा चुका है तथा अब विदेशों में भी रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

मुख्य अतिथि दिलदारअली बटृ ने संस्थान प्रबंधन व प्रशिक्षुओं को 19वीं फ्रेशर पार्टी के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स पिछले 19 वर्षों से व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा बोंखरीमोड़ में मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर कोर्स को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से नशों से दूर रहकर शिक्षा, खेल व अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। हिंदी व पंजाबी गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए गए, वहीं पहाड़ी नाटी व भारतीय सेना के शौर्य पर आधारित लघु नाटिका ने दर्शकों का मन जीत लिया। मॉडलिंग प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। फ्रेशर पार्टी में अर्पिता को मिस फ्रेशर तथा बंटी को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रशिक्षु एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।